जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की रही उत्साहपूर्ण सहभागिता
कुसमी बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
कुसमी। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर विकासखंड मुख्यालय कुसमी में रविवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी बलरामपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना था।
प्रातः 8 बजे पुलिस थाना कुसमी से प्रारंभ हुई रैली बस स्टैंड कुसमी तक पहुंची तथा वहां से पुनः पुलिस थाना कुसमी में संपन्न हुई। रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइकिल चलाने के लाभों का संदेश आमजन तक पहुंचाया। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छ पर्यावरण एवं ईंधन की बचत से जुड़े संदेशों वाले नारों के माध्यम से लोगों को साइकिल अपनाने के लिए प्रेरित किया। नगरवासियों ने भी रैली का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनि निकुंज, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक पांडे, थाना प्रभारी विरासत कुजूर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंदकुमार गुप्ता, बीपीओ सुनील गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा संकुल समन्वयक दीपक सिंहा, हरकेश भारती, अजीत सिंह, संतोष दुबे, सतीश भगत, दिनेश यादव, शैलेंद्र गुप्ता, संतोष गुप्ता तथा कलिंदर राम सहित सेजस कुसमी के शिक्षक मनीष एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का समस्त स्टाफ कार्यक्रम में शामिल हुआ। कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली गई, वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।
रैली के समापन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने कहा—
कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के बीच साइकिल एक सरल, सुलभ एवं स्वास्थ्यवर्धक साधन है। उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करने और आने वाली पीढ़ी को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसके व्यापक उपयोग से स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
रैली के उपरांत सभी प्रतिभागियों को फल वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी नंदकुमार गुप्ता ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफल समाप्ति की घोषणा की। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली ने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति लोगों में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का सफल प्रयास किया।








