संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जांजगीर-चांपा, 09 जून 2026। आदिम जाति कल्याण विभाग जिला जांजगीर-चांपा अंतर्गत संचालित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक बालक-बालिका छात्रावासों तथा आश्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 16 जून 2026 से प्रारंभ की जाएगी। विभाग द्वारा विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय पर आवेदन कर योजना का लाभ लेने की अपील की गई है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं संबंधित छात्रावास अथवा आश्रम के अधीक्षक एवं अधीक्षिका से संपर्क कर निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रवेश के लिए जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पिछली कक्षा की अंकसूची, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, स्थानांतरण प्रमाण पत्र एवं दूरी प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
विभाग के अनुसार छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को आवास, भोजन, अध्ययन सामग्री सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाएं पूर्णतः निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इन संस्थानों का उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
उल्लेखनीय है कि छात्रावास एवं आश्रमों में निवास की सुविधा मिलने से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासित वातावरण तथा उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है।








