बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
दिनांक : 11 जून 2026
स्थान : मिनी स्टेडियम, बीजापुर
जिला पुलिस बीजापुर एवं परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज मिनी स्टेडियम, बीजापुर में स्कूल बस चेकिंग अभियान एवं चालक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्कूली बच्चों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में ऑटो संघ के अध्यक्ष श्री केशव झाड़ी, उपाध्यक्ष श्री दिलीप जंगम, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश ओयम एवं सचिव श्री भूपेन जंगम प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही पिकअप संघ के सदस्य भी अपने वाहनों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में यातायात नोडल अधिकारी एवं डीएसपी श्री विनीत साहू, यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर तथा परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पुलिस, परिवहन विभाग एवं संघ के पदाधिकारियों द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्कूल बसों की सघन जांच की गई। जांच के दौरान बसों के ब्रेक, लाइट, इंडिकेटर, फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा तथा चालकों के वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाई गई कमियों को एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने हेतु संबंधित विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ऑटो, पिकअप एवं बस चालकों को “सुरक्षित सारथी, सुरक्षित सफर” का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन संचालन, नशामुक्त वाहन चलाने एवं यातायात अनुशासन बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया।
अपने संबोधन में यातायात नोडल अधिकारी एवं डीएसपी श्री विनीत साहू ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा वाहन चालकों की सतर्कता से अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने सभी चालकों से जिम्मेदारी एवं अनुशासन के साथ वाहन संचालन करने का आह्वान किया।
यातायात प्रभारी श्री केशव ठाकुर ने उपस्थित वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए नियमों के पालन के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए निर्धारित गति सीमा में सुरक्षित वाहन संचालन करने वाले चयनित वाहन चालकों को यातायात नोडल अधिकारी श्री विनीत साहू द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ऑटो संघ के कोषाध्यक्ष श्री दिनेश ओयम एवं सचिव श्री भूपेन जंगम द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहन चालकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।








