कोरबा संवाददाता – हेमचंद्र सोनी
गेवरा कोरबा, 15 जून 2026 गेवरा क्षेत्र में कार्यरत ठेकेदार कंपनी बंसल इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के मजदूर शनिवार से अपनी मांगों को लेकर काम बंद कर बैठे हैं। कंपनी द्वारा उनकी मांगों को नजरअंदाज किए जाने के बाद मजदूरों ने आज मुख्य महाप्रबंधक गेवरा कार्यालय, SECL पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की।
मजदूरों ने मुख्य महाप्रबंधक को लिखित शिकायत पत्र भी सौंपा है जिसमें कंपनी पर श्रम कानूनों के उल्लंघन, वेतन भुगतान में लगातार देरी, कर्मचारी राज्य बीमा सुविधा न देने, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और मजदूरों पर मानसिक दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत पत्र में मुख्य आरोप
वेतन भुगतान में देरी, मजदूरों को मासिक वेतन समय पर नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनके परिवार आर्थिक संकट में फंस गए हैं।
कर्मचारी बीमा सुविधाओं का अभाव, वेतन से बीमा राशि काटे जाने के बावजूद अधिकांश मजदूरों को बीमा कार्ड या पहचान संख्या नहीं दी गई। बीमार होने पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही कार्यस्थल पर सुरक्षा किट और उपकरणों की कमी है। कोई दुर्घटना होने पर ठेकेदार जिम्मेदारी लेने से इनकार कर देता है।
जबरन पूर्ण और अंतिम समझौता बिना किसी वैध कारण के मजदूरों को जबरन अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
मानसिक दबाव व काली सूची में डालने की धमकी अधिकारों की मांग करने वाले मजदूरों को धमकाया जा रहा है कि आवाज उठाई तो काली सूची में डाल दिया जाएगा।
इस दौरान छत्तीसगढ़िया क्रान्ति सेना गैर-राजनीतिक संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री उमागोपाल भी मजदूरों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने ठेकेदार कंपनी की कार्यशैली की कड़ी निंदा करते हुए कहा, ठेकेदार की इन अनैतिक और गैरकानूनी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम मजदूरों के हक के लिए संघर्ष करेंगे।
मजदूरों ने SECL प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दे रहे हैं।
यह घटना कोयला क्षेत्रों में ठेकेदारों द्वारा मजदूरों के शोषण की एक और ज्वलंत मिसाल बनकर सामने आई है।








