Home कोरबा भाजपा नेता पर हमला: स्टील रॉड से पीटकर दोनों पैर तोड़े, अस्पताल...

भाजपा नेता पर हमला: स्टील रॉड से पीटकर दोनों पैर तोड़े, अस्पताल में भर्ती; मंत्री ने जाना हाल

22
0

रास्ते में रोककर किया गया हमला, गंभीर चोटों के बाद अस्पताल में कराया गया भर्ती

जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली समेत चारों हमलावर गिरफ्तार ….

कोरबा जिले में भाजपा से जुड़े एक स्थानीय नेता पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर स्टील रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल नेता को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

यह घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास घटित हुई, जब शिव बालक सिंह तोमर जिला जेल में निरुद्ध अपने भतीजे से मिलने के लिए गए हुए थे। यहां रास्ते में रज्जाक से मुलाकात हुई तो उसने अपने भतीजे से दूर रहने और उसका साथ नहीं देने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर शिव बालक सिंह के साथ का वाद-विवाद हुआ और 4 लोगों ने मिलकर बुरी तरह मारपीट करते हुए घुटने के नीचे पैर पर रॉड, डंडा, बेसबॉल स्टिक से हमला करते हुए हत्या का प्रयास किया। इस दौरान किसी एक द्वारा तलवार भी लाने की बात सामने आई है।

घटना से राजनीतिक हलकों में हलचल
घटना की जानकारी मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में चर्चा तेज हो गई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हमले की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बताया जा रहा है।

मंत्री ने अस्पताल पहुंचकर लिया स्वास्थ्य का जायजा
घायल भाजपा नेता शिव बालक सिंह तोमर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती है, स्थिति की जानकारी मिलने के बाद राज्य सरकार में मंत्री श्री देवांगन सहित भाजपा के नेता अस्पताल पहुंचे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार संबंधी जानकारी ली तथा बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिजनों से भी मुलाकात कर हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। दूसरी तरफ रज्जाक अली ने इस पूरे मामले को महिला संबंधी अपराध से जोड़ते हुए कहा कि महिलाओं के साथ यदि इस प्रकार से किया जाएगा तो वह चुप नहीं बैठेगा।

पुलिस जांच में जुटी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मामले में रज्जाक अली सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायलय में पेश किया गया है, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है l  पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here