सक्ती संवाददाता – दीपक ठाकुर
डभरा/फगुरम। सक्ती पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रेलर से करीब 209 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। जप्त गांजा, वाहन और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 1.66 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी फगुरम क्षेत्र में 17 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से राजस्थान की ओर एक ट्रेलर में अवैध गांजा की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (IPS) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग स्थित ग्राम बोडासागर के पास सागर फैमिली ढाबा के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध टाटा सिगना ट्रेलर (RJ09GC-5216) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रेलर में रखी 8 बोरियों से कुल 40 पैकेट गांजा बरामद किया गया। प्रत्येक पैकेट लगभग 5 किलोग्राम का था। बरामद गांजे का कुल वजन 208.965 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजे की कीमत करीब 1.04 करोड़ रुपये, ट्रेलर की कीमत 40 लाख रुपये, ट्रेलर में भरे फ्लोरस्पार पाउडर की कीमत 21.42 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये की संपत्ति जप्त की है।
इस मामले में अर्पित सिंह (20 वर्ष), पिता रमेश सिंह, निवासी जिला अजमेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से गांजा परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। मामले की आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई में फगुरम चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उपनिरीक्षक हीराराम संवरा सहित साइबर सेल एवं थाना स्टाफ के कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








