Home कोरबा कुसमुंडा गुरुद्वारे में गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि,...

कुसमुंडा गुरुद्वारे में गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर श्रद्धांजलि, अटूट लंगर और ठंडे पानी की छबील लगाई गई

5
0
कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कुसमुंडा | गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर कुसमुंडा गुरुद्वारे में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर अटूट लंगर चलाया गया और भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों के लिए ठंडे पानी की छबील लगाई गई।
सुबह से गुरुद्वारे में सुखमणि साहिब के पाठ की लड़ी चल रही थी, जिसकी आज समाप्ति हुई। इसके बाद संगत ने चने और मीठे शर्बत का प्रसाद वितरित किया। दिनभर सेवादारों ने सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को रोक रोक कर चना-शर्बत पिलाया। लोगों ने भी श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
सेवा का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जेठ महीने की तेज गर्मी में कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे।
छबील लगाने के पीछे की मान्यता  
गुरुद्वारे के सेवादारों ने बताया कि छबील लगाने की परंपरा गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान से जुड़ी है। मुगल बादशाह जहांगीर के आदेश पर गुरु अर्जुन देव जी को जेठ महीने की भीषण गर्मी में गर्म लोहे की कढ़ाई में बैठाकर उन पर गर्म रेत डलवाई गई थी। उन्हें पानी की एक बूंद तक के लिए तरसाया गया था।
गुरु की सहनशीलता और शहादत के आगे मुगल शासक भी नतमस्तक हो गए थे। तभी से गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस पर ठंडे पानी की छबील लगाने की परंपरा शुरू हुई, ताकि प्यास के कारण किसी भी आत्मा को कष्ट न सहना पड़े।
इस कार्यक्रम में श्री गुरुद्वारे के बड़ी संख्या में सेवादारों ने हिस्सा लिया और दिनभर सेवा कार्य में लगे रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here