बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर। आगामी 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले में भव्य आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने तथा गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रयास में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने जिलेवासियों से विशेष अपील की है।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। योग के माध्यम से व्यक्ति न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकता है, बल्कि एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिला समूहों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर जिले को एक नई पहचान दिलाने में अपनी सहभागिता निभाएं।
जिलेवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा टोल फ्री नंबर 1800 315 7008 जारी किया गया है। इच्छुक नागरिक इस नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन करा सकते हैं और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं।
कलेक्टर ने कहा कि आइए, हम सभी मिलकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस महाअभियान में शामिल होकर जिले को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।
“योग अपनाएं – स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का निर्माण करें।”
21 जून को अधिक से अधिक संख्या में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हों और इतिहास रचने के साक्षी बनें।








