संवाददाता : युसूफ खान, बलरामपुर
शंकरगढ़, बलरामपुर। विकासखंड शंकरगढ़ के प्राचीन एवं ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थल डीपाडीह कला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामरी विधायक ऊद्धेश्वरी पैकरा विशेष रूप से उपस्थित रहीं और सभी प्रतिभागियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया तथा नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया गया।

इस मौके पर विधायक ऊद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो हमें शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग तनावमुक्त, संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए अवश्य निकालना चाहिए।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया और कहा कि “योग करें, निरोग रहें” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।








