बलरामपुर संवाददाता: युसूफ खान
कुसमी के गैलेक्सी पब्लिक स्कूल परिसर में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और प्रेरणादायक पहल की शुरुआत हुई है। 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की टॉपर और मेधावी छात्राओं द्वारा “रैंकर्स कोचिंग क्लासेस” का शुभारंभ किया गया है। इस पहल का उद्देश्य केवल कोचिंग संचालित करना नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर एवं पढ़ाई में कमजोर छात्र-छात्राएं भी बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।
कोचिंग की संचालिका बुशरा फातिमा ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए शुरुआत में 5 दिनों तक निःशुल्क डेमो क्लास संचालित की जाएगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं बिना किसी शुल्क के कक्षाओं में शामिल होकर शिक्षण पद्धति का अनुभव ले सकते हैं। संतुष्ट होने के बाद ही वे प्रवेश ले सकते हैं।

कोचिंग के सह-संचालक अभिनव गुप्ता ने बताया कि यहां कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नियमित कक्षाएं संचालित की जाएंगी। विषयवार अध्ययन के साथ डाउट क्लियरिंग सेशन, चैप्टरवार नोट्स, नियमित टेस्ट, व्यक्तिगत मार्गदर्शन एवं प्रदर्शन विश्लेषण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों की बुनियादी समझ मजबूत हो और वे बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
संचालकों का कहना है कि शिक्षा को हर विद्यार्थी तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोचिंग का शुल्क बेहद कम रखा गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहें। उनका लक्ष्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए तैयार करना है।
इस पहल की स्थानीय नागरिकों एवं अभिभावकों ने भी सराहना की है। उनका कहना है कि जब क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राएं स्वयं आगे बढ़कर अन्य विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हैं, तो इससे शिक्षा का स्तर बेहतर होता है और अधिक से अधिक विद्यार्थी सफलता की ओर अग्रसर होते हैं।
‘रैंकर्स कोचिंग क्लासेस’ की यह पहल कुसमी क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में अनेक विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।








