बलरामपुर संवाददाता: युसूफ खान
विकासखंड राजपुर में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया तथा नियमित रूप से विद्यालय आकर मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जीवन में निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारीगण, विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों का नामांकन बढ़ाने तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता को प्रोत्साहित करना रहा।








