सोमन साहू/आरंग। ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेश की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, लोकमंगल एवं विश्व कल्याण की कामना से आरंग स्थित लक्ष्मी विहार के परमेश्वर महादेव मंदिर समीप श्रीधाम परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया।
भगवताचार्य पंडित सत्यम (छत्रधर) दीवान के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत श्रद्धालुओं द्वारा महामृत्युंजय पाठ, रुद्राभिषेक एवं शिव अभिषेक श्रद्धा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न किया गया। अनुष्ठान का विधिवत संचालन आचार्य पंडित जगन्नाथ तिवारी, पंडित बद्रीनाथ तिवारी एवं अमन महाराज ने किया। इस पुण्य अनुष्ठान के मुख्य यजमान पंडित सत्यम दीवान रहे।
1 जुलाई को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में अन्नू सोनी, लता पेठे, किरण दीवान, सन्नी देवदास, कमलेश पटेल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम वर्षा की कामना की।
संध्या बेला में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसके पश्चात मंगलमय महाआरती संपन्न हुई। अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। पूरे आयोजन का वातावरण भक्ति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उल्लास से ओतप्रोत रहा।








