रिकेश्वर राणा/दंतेवाड़ा। जिले के ग्राम कारली में 108 एंबुलेंस सेवा की तत्परता और कर्मचारियों की सूझबूझ से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव एंबुलेंस में ही कराया गया। समय पर मिली इस सेवा से जच्चा और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कारली निवासी 25 वर्षीय चंपा नेताम, पति दिलीप नेताम, को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया जाने लगा। लेकिन रास्ते में प्रसव पीड़ा अत्यधिक बढ़ जाने के कारण अस्पताल तक पहुंचाना संभव नहीं हो सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी रविन्द्र और पायलट सुनील पाटीदार ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के बाद मां और नवजात को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया।
इसके बाद जच्चा और नवजात शिशु को कारली उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की जांच कर उन्हें पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य बताया। इस सफल प्रसव के बाद परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपातकालीन परिस्थितियों में 108 एंबुलेंस सेवा ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है।








