बिलासपुर, 19 नवंबर 2026। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, बिलासपुर द्वारा नवप्रवेशित बी.पी.टी. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय इंडक्शन एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘ प्रारंभ–2026’ का शुभारंभ आज छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स ), बिलासपुर में किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, व्यावसायिक नैतिकता, शैक्षणिक गतिविधियों एवं भविष्य में एक कुशल फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में उनकी भूमिका से परिचित कराना है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिक्षा जांगड़े, बायोकेमिस्ट्री विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. विभा टंडन, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा बरापात्रे, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. हेमलता ठाकुर, कैंसर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सागरिका प्रधान, फिजियोलॉजी विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजू जॉय, शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल, नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण महिलांगे, समस्त शिक्षकगण एवं नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिम्स अधिष्ठाता डॉ. रामणेश मूर्ति ने फिजियोथेरेपी के बढ़ते महत्व एवं चिकित्सा क्षेत्र में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी की भूमिका निरंतर विस्तृत हो रही है तथा मरीजों के उपचार, पुनर्वास एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में फिजियोथेरेपिस्ट का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. वंदना पटेल ने अधिष्ठाता महोदय एवं सिम्स के समस्त विभागाध्यक्षों और शिक्षकगणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय के शुरुवाती चरण से मूर्ति सर ने जिस तत्परता, सकारात्मक सोच और सहयोग की भावना के साथ हमारा मार्गदर्शन किया, वह हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। चिकित्सा महाविद्यालय के अनुभवी एवं विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन फिजियोथेरेपी के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा उन्हें व्यावहारिक चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘ प्रारंभ–2026’ उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण शुरुआत है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस का मुख्य शैक्षणिक सत्र ‘मल्टीडिसिप्लिनरी टीम अप्रोच (Multidisciplinary Team Approach)’ पर केंद्रित रहा। इस विषय पर कैंसर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. चंद्रहास ध्रुव ने विद्यार्थियों को विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी मरीज का उपचार केवल एक विशेषज्ञ तक सीमित नहीं होता, बल्कि चिकित्सक, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, पोषण विशेषज्ञ एवं अन्य स्वास्थ्य पेशेवर एक समन्वित टीम के रूप में कार्य करते हैं। इस टीम का साझा उद्देश्य मरीज की आवश्यकताओं के अनुरूप उपचार की योजना बनाना तथा उसे बेहतर स्वास्थ्य एवं कार्यक्षमता की ओर अग्रसर करना है।
उन्होंने विशेष रूप से कैंसर रोगियों के उपचार एवं पुनर्वास में फिजियोथेरेपी की भूमिका को समझाया। उन्होंने बताया कि कैंसर एवं उसके उपचार, जैसे सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी के बाद मरीजों में शारीरिक कमजोरी, थकान, दर्द, जोड़ों की जकड़न, लिम्फेडेमा, श्वसन संबंधी समस्याएं एवं दैनिक गतिविधियों को करने में कठिनाई हो सकती है। ऐसी परिस्थितियों में फिजियोथेरेपी मरीज की शारीरिक क्षमता, गतिशीलता, स्वतंत्रता एवं जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि फिजियोथेरेपिस्ट और मेडिकल विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय एवं संवाद ही प्रभावी, सुरक्षित और मरीज-केंद्रित उपचार की आधारशिला है।
छह दिवसीय ‘प्रारंभ–2026’ कार्यक्रम के आगामी सत्रों में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी प्रोफेशन का परिचय, संबंधित काउंसिल एवं नियामक संस्थाओं की जानकारी, तथा स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी विशेषज्ञों एवं संबंधित विभागों के शिक्षकों द्वारा प्रदान की जाएगी।
यह आयोजन नवप्रवेशित विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम से परिचित कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार, संवेदनशील, कुशल एवं टीम भावना से कार्य करने वाले भावी स्वास्थ्य पेशेवर के रूप में तैयार करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
‘प्रारंभ–2026’ के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भविष्य की एक नई शुरुआत की गई।







