Home चर्चा में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों से आरंग विधानसभा को मुख्यमंत्री...

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों से आरंग विधानसभा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय देंगे बड़ी सौगात

9
0
आरंग संवाददाता – सोमन साहू
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आरंग विधानसभा को देंगे ₹112 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात
समोदा में आयोजित होगा भव्य समारोह; ₹21.67 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और ₹90.34 करोड़ के कार्यों का होगा भूमिपूजन
उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई कैबिनेट मंत्री होंगे कार्यक्रम में शामिल..
रायपुर/आरंग, 5 जुलाई 2026: कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गुरु खुशवंत साहेब के लगातार प्रयासों से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सोमवार, 6 जुलाई को आरंग विधानसभा क्षेत्र के समोदा में आयोजित एक भव्य समारोह में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए ₹112 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात देंगे। इस विधानसभा स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 112 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे, जिसमें ₹21 करोड़ 67 लाख लागत के 67 कार्यों का लोकार्पण और ₹90 करोड़ 34 लाख लागत के 29 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वन एवं पर्यावरण तथा रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल और क्षेत्र के विधायक व कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
लोकार्पण होने वाले प्रमुख कार्य (कुल लागत: ₹21.67 करोड़, कार्य: 67)
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आरंग क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों में बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने के लिए निम्नलिखित कार्यों का जनता को समर्पण करेंगे:
लोक निर्माण विभाग (PWD): ₹9 करोड़ 43 लाख की लागत के 03 कार्य।
नगर पंचायत समोदा: ₹6 करोड़ 67 लाख की लागत के 20 कार्य।
आरंग नगर पालिका: ₹4 करोड़ 78 लाख की लागत के 39 कार्य।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES): ₹79 लाख की लागत के 05 कार्य।
भूमिपूजन होने वाले प्रमुख कार्य (कुल लागत: ₹90.34 करोड़, कार्य: 29)
क्षेत्र के भविष्य को नई दिशा देने और स्वास्थ्य व आवागमन सुविधाओं के विस्तार के लिए इन कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी:
लोक निर्माण विभाग (PWD): ₹61 करोड़ 11 लाख की लागत के 08 कार्य।
स्वास्थ्य विभाग: नवा रायपुर के सेक्टर-17, कोटरा भाठा में ₹18 करोड़ की लागत से बनने वाला 100 बिस्तर का आधुनिक अस्पताल।
नगर पंचायत समोदा: ₹8 करोड़ 70 लाख की लागत के 09 कार्य।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES): ₹2 करोड़ 54 लाख की लागत के 11 कार्य।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के प्रयासों का परिणाम
आरंग विधायक और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के सतत प्रयासों, निरंतर अनुश्रवण और मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से रखने के कारण आरंग को यह बड़ी सौगात मिल रही है।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा: “आरंग विधानसभा के प्रत्येक गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना और इसका सर्वांगीण विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही यह सौगात क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।”
कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, भारी संख्या में जुटने की अपील
समोदा सहित संपूर्ण आरंग विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विकास के इस महापर्व को लेकर क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने जिला व जनपद पंचायत सदस्यों, पार्षदों, सरपंचों, पंचों, भाजपा पदाधिकारियों तथा समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में समोदा पहुंचकर इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here