शब्बीर कुरैशी/दल्ली राजहरा –
नगर के प्रमुख निजी विद्यालय निर्मला स्कूल में बारिश के दौरान खेल मैदान में मिट्टी डलवाए जाने के बाद छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यही मैदान स्कूल के मुख्य प्रवेश मार्ग के रूप में भी उपयोग किया जाता है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक होकर गुजरते हैं।
लगातार हो रही बारिश के बीच मैदान में मिट्टी डाल दिए जाने से पूरा क्षेत्र कीचड़ में तब्दील हो गया है। स्कूल पहुंचने के लिए बच्चों और अभिभावकों को इसी कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे पैदल आने-जाने वालों को काफी दिक्कत हो रही है, वहीं दोपहिया वाहन फिसलकर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कई चारपहिया वाहनों के पहिए भी कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे सुबह और छुट्टी के समय अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
अभिभावकों का कहना है कि यदि मैदान में मिट्टी डालनी ही थी, तो इसके लिए बारिश का मौसम उपयुक्त समय नहीं था। उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की इस लापरवाही का खामियाजा बच्चों और अभिभावकों को भुगतना पड़ रहा है। उनका यह भी कहना है कि विद्यालय विभिन्न मदों में हजारों रुपये की फीस वसूलता है, इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षित प्रवेश व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कई अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से तत्काल वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने, मैदान की स्थिति सुधारने तथा कीचड़ की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा हादसा भी हो सकता है।








