युसूफ खान/बलरामपुर।
18 जनवरी 2026 को ओरसा घाटी में हुए दर्दनाक बस हादसे से प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा घोषित अंतरिम सहायता राशि का वितरण सोमवार को ग्राम पिपरसोत में किया गया। जनपद पंचायत के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में मृतकों के परिजनों एवं घायलों को सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
गौरतलब है कि इस भीषण सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मृत्यु हो गई थी, जबकि लगभग 74 लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अंतरिम सहायता राशि देने की घोषणा की थी। उसी घोषणा के तहत अब पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।
सहायता वितरण कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, वरिष्ठ भाजयुमो नेता अंश सिंह, ग्राम पंचायत जमुआतांड की सरपंच अनीता देवी, पंचायत सचिव खेमचंद सहित जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं दुर्घटना प्रभावित परिवार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ग्रामीणों एवं पीड़ित परिवारों ने दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर राहत एवं उपचार उपलब्ध होने से कई घायलों की जान बचाई जा सकी। उपस्थित लोगों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव की सक्रिय भूमिका तथा क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम द्वारा पीड़ित परिवारों के प्रति दिखाई गई संवेदनशीलता और सहयोग की भी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में बस हादसे में दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री रामविचार नेताम, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति पीड़ित परिवारों की ओर से आभार व्यक्त किया गया।








