एशिया की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल एशिया कप 2027 की मेजबानी को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो अगले साल यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट बांग्लादेश की मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की संभावित तारीखें भी सामने आ गई हैं और मेजबानी के लिए तीन प्रमुख शहरों को चुना गया है।
3 शहरों में हो सकते हैं मुकाबले
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया कप 2027 का आयोजन 18 जून से 4 जुलाई 2027 के बीच बांग्लादेश में किया जाएगा। इसके लिए ढाका के मीरपुर, चट्टोग्राम और सिलहट को संभावित मेजबान शहरों के रूप में प्रस्तावित किया गया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानी BCB की सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सईद इब्राहिम अहमद ने बताया कि एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी ACC ने इन तीनों स्टेडियमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है। बोर्ड फिलहाल मेजबानी की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
उन्होंने कहा कि ACC ने हमसे संपर्क किया है और प्रस्तावित तीनों मैदानों से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है। हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इब्राहिम ने यह भी बताया कि बोगुरा का शहीद चंदू स्टेडियम भी विचाराधीन है, लेकिन फिलहाल प्राथमिकता मीरपुर, सिलहट और चट्टोग्राम के मैदानों को दी जा रही है। उनके अनुसार, बोगुरा के मैदान को पूरी तरह तैयार करने में अभी कुछ समय लगेगा।
10 साल बाद एशिया कप की वापसी
बांग्लादेश ने इससे पहले साल 2016 में एशिया कप की मेजबानी की थी। उस समय टूर्नामेंट T20 प्रारूप में खेला गया था। अब करीब एक दशक बाद एक बार फिर इस बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने की संभावना से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड काफी उत्साहित है।
इब्राहिम ने भरोसा जताया कि प्रस्तावित तीनों शहरों में कम से कम एक-एक मुकाबला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतिम मंजूरी मिलने के बाद विस्तृत कार्यक्रम साझा किया जाएगा। उनका लक्ष्य क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक सफल और यादगार एशिया कप का आयोजन करना है। हालांकि, इस बार टूर्नामेंट पर राजनीतिक परिस्थितियों की भी नजर रहेगी। पिछले कुछ समय में भारत और बांग्लादेश के क्रिकेट संबंधों को लेकर अनिश्चितता देखने को मिली थी। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात में खेले गए पिछले एशिया कप के दौरान भी कुछ राजनीतिक विवाद चर्चा का विषय बने थे। ऐसे में 2027 के आयोजन पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
इसी बीच, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि यदि सितंबर में भारत का प्रस्तावित सीमित ओवरों का दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होता है तो टीम की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। इब्राहिम ने कहा कि दुनिया की बड़ी क्रिकेट टीमों के दौरे के दौरान सुरक्षा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है और बोर्ड इस दिशा में पूरी तरह तैयार है।








