Home चर्चा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एमसीबी...

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एमसीबी जिले के कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

7
0
संवाददाता – जवाहर यादव

एमसीबी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को एमसीबी जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समय पर मानदेय भुगतान, लंबित मानदेय एवं गरम भोजन मद की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान कराने तथा प्रत्येक माह निर्धारित समय सीमा के भीतर मानदेय जारी किए जाने की मांग की गई।

संघ का कहना है कि मानदेय भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनके दैनिक जीवन और कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से मांग की कि सभी लंबित भुगतान तत्काल जारी किए जाएं और भविष्य में प्रत्येक माह समय पर मानदेय भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर ट्रेड यूनियन काउंसिल छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वे महिला एवं बाल विकास से जुड़ी अनेक योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करती हैं, इसलिए उनके मानदेय में लगातार देरी होना उचित नहीं है।

उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का मानदेय प्रत्येक माह समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े और वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

उन्होंने कहा कि “श्रम का सम्मान तभी सार्थक है, जब मेहनतकशों को उनका मेहनताना समय पर मिले।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here