संवाददाता – विमल सोनी
बिलासपुर। राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी के बिलासपुर आगमन पर जिला शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने उनसे सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
बिलासपुर प्रवास के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नीतियों एवं अव्यवस्थाओं के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह संकट में है।
इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि लगातार हो रहे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का विश्वास लगातार टूट रहा है और युवाओं में निराशा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन गंभीर मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
उन्होंने हाल के दिनों में छात्राओं द्वारा आत्महत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल व्यक्तिगत घटनाएं नहीं हैं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था और सरकारी तंत्र की गंभीर विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इनकी आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

राज्यसभा सांसद ने कहा कि बिलासपुर में छात्रों से संवाद के दौरान जो समस्याएं और सुझाव सामने आए हैं, उन्हें वे संसद में प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छात्रों की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक बुलंद किया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्र-हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। छात्रों ने भी शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।








