जिले के पदाधिकारियों की उपस्थिति में सफल आयोजन, नैतिक गुप्ता बने बजरंग दल प्रखंड संयोजक
दर्री। विश्व हिन्दू परिषद–बजरंग दल, दर्री (स्वामी विवेकानन्द प्रखंड) की प्रखंड स्तरीय बैठक जिले के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों, युवाओं की सक्रिय भागीदारी तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित जिला पदाधिकारियों ने संगठन की कार्यपद्धति, अनुशासन, सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रत्येक वार्ड एवं ग्राम स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को सेवा एवं राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, धर्मांतरण जैसे विषयों, सामाजिक समरसता, गौसंरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा सेवा कार्यों को लेकर गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में जागरूकता, जनसंपर्क और सेवा गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना समय की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं से समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचकर जनजागरण अभियान चलाने का आग्रह किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से नैतिक गुप्ता को बजरंग दल, दर्री (स्वामी विवेकानन्द प्रखंड) का प्रखंड संयोजक नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा संगठन विस्तार और सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा के अनुरूप सेवा, संगठन एवं समाज जागरण के कार्यों को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन भारत माता एवं भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ।
जारीकर्ता
विश्व हिन्दू परिषद – बजरंग दल
दर्री (स्वामी विवेकानन्द प्रखंड)







