बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत सेरंगदाग क्षेत्र में बालाजी टाइल्स एंड मार्बल कंपनी द्वारा किए जा रहे खनन कार्य को लेकर ग्रामीणों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। बरसात के मौसम में खदान से गुजरने वाले भारी वाहनों के कारण स्कूल का मुख्य मार्ग पूरी तरह कीचड़ से भर जाता है, जिससे बच्चों का स्कूल पहुंचना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, रोजाना भारी-भरकम डंपरों और अन्य वाहनों की आवाजाही से सड़क की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। ऐसे में स्कूली बच्चों को मुख्य रास्ता छोड़कर खेतों के रास्ते स्कूल जाना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि उन्हें अपने वाहन स्कूल से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले ही खड़े करने पड़ते हैं। इसके बाद पैदल कीचड़ भरे रास्ते से विद्यालय तक पहुंचना पड़ता है, जिससे शिक्षण कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि बालाजी टाइल्स एंड मार्बल कंपनी द्वारा विद्यालय के समीप ब्लास्टिंग की जाती है। ब्लास्टिंग के दौरान तेज धमाकों से स्कूल परिसर में भय का माहौल बन जाता है। बच्चों और शिक्षकों में हमेशा किसी अनहोनी की आशंका बनी रहती है, जिससे पढ़ाई का वातावरण प्रभावित हो रहा है।
इस पूरे मामले में कंपनी का पक्ष जानने के लिए बालाजी टाइल्स एंड मार्बल कंपनी के जीएम श्री चतुर्वेदी से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने इस संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
वहीं, जब इस विषय में कुसमी एसडीएम अनमोल रतन टोप्पो से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। शिकायत की जांच कराई जाएगी और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब स्थानीय लोगों की मांग है कि स्कूल मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, बरसात में बच्चों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा विद्यालय के समीप होने वाली ब्लास्टिंग की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों प्रभावित न हों।








