बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
पुलिस मुख्यालय द्वारा स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने एवं विवेचना कार्य को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है । जिसके तहत् विवेचना कार्यो के लिए सभी विवेचकों को स्मार्ट डिवाइस का आबंटन पुलिस मुख्यालय द्वारा किया गया है ।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री रविन्द्र कुमार मीणा, अति0 पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) श्री अमन झा, अति0पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री चन्द्रकांत गवर्ना द्वारा जिले के समस्त थानों में पदस्थ विवेचना अधिकारियों (Investigating Officers) को स्मार्ट मोबाइल डिवाइस वितरित किए गए ।
इन स्मार्ट डिवाइसों के माध्यम से विवेचना अधिकारी घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्यों का त्वरित संकलन, आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रकरण संबंधी जानकारी का ऑनलाइन आदान-प्रदान, फोटो एवं वीडियो साक्ष्यों का सुरक्षित संधारण तथा पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न डिजिटल एप्लीकेशनों एवं पोर्टलों का प्रभावी उपयोग कर सकेंगे । इससे विवेचना कार्य अधिक तेज, पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक-सक्षम होगा ।
इस पहल से प्रकरणों के शीघ्र एवं वैज्ञानिक तरीके से निराकरण में सहायता मिलेगी तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
बीजापुर पुलिस आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं डिजिटल संसाधनों के माध्यम से स्मार्ट पुलिसिंग को सशक्त बनाने तथा आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।








