विनीत पिल्लई –
शिक्षा अंजोर भारत के तत्वावधान में रायपुर के विमतारा, मधु पिल्ले चौक, शांति नगर में आयोजित भव्य राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित उत्कृष्ट शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, नवाचार एवं उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों के लिए “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान” से सम्मानित किया गया।
समारोह में हरिभूमि एवं INH के प्रधान संपादक आदरणीय श्री हिमांशु द्विवेदी के करकमलों से सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर कोंडागांव जिला के विकास खण्ड बड़ेराजपुर के शिक्षकों— श्री संदीप कुमार सेन, व्याख्याता हाई स्कूल हात्मा, श्री राकेश कुमार नेताम, व्यायाम शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेवसा, को शिक्षा में नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा समाजोपयोगी शैक्षिक कार्यों के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से अलंकृत किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत श्री संदीप सेन ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरव, विनम्रता और प्रेरणा का विषय है। यह सम्मान केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि टीम भावना, सामूहिक समर्पण और शिक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता का सम्मान है।
उन्होंने शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्र, चयन समिति तथा संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा, समाज और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में और अधिक समर्पण, नवाचार एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी वे संगठन के उद्देश्यों, मूल्यों एवं शैक्षिक अभियानों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर सक्रिय रहेंगे तथा शिक्षा के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपना सार्थक योगदान देते रहेंगे।







