-कलेक्टर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला सम्पन्न, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुकार बाफना/बीजापुर, 20 जुलाई 2026।
प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना (PM GatiShakti) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जिला मास्टर प्लान (DMP) के विकास को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्टर कार्यालय स्थित इंद्रावती सभाकक्ष में कलेक्टर श्री विश्वदीप की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय गतिशक्ति समिति के सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। पी एम गति शक्ति योजना की विस्तृत जानकारी देने हेतु उद्योग संचालनालय रायपुर से सुश्री कुमुद मिश्रा एवं पी एम गति शक्ति से विशेषज्ञ श्रीमती प्रिया उपस्थित रहीं
कार्यशाला के दौरान कलेक्टर श्री विश्वदीप ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास परियोजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को पीएम गतिशक्ति पोर्टल का नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने, विभागीय योजनाओं को समय पर अद्यतन करने तथा जिला मास्टर प्लान के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को पीएम गतिशक्ति पोर्टल के संचालन, जिला मास्टर प्लान (DMP) के निर्माण, विभिन्न विभागों के डेटा एकीकरण, GIS आधारित डिजिटल टूल्स के उपयोग तथा आधारभूत संरचना विकास से संबंधित परियोजनाओं की प्राथमिकता निर्धारण की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं के बेहतर समन्वय और त्वरित क्रियान्वयन के लिए पोर्टल के तकनीकी पहलुओं पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
कलेक्टर श्री विश्वदीप ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीक का अधिकतम उपयोग करें, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गति और गुणवत्तापूर्ण कार्य कम से कम समय में करना सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए जिले के समग्र विकास के लिए योजनाबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा योजनाओं के बेहतर समन्वय एवं आधारभूत संरचना विकास को गति देने के लिए आवश्यक सुझावों पर भी चर्चा की। यह प्रशिक्षण जिले में विकास कार्यों की प्रभावी योजना, बेहतर समन्वय और सुशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।







