संवाददाता – लक्ष्मीनारायण लहरे
रायपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ मोरमाटी सांस्कृतिक संगठन, कबीरनगर, रायपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक श्री मोतीलाल साहू जी के सुपुत्र श्री मैकमिलन साहू जी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सीसीएम ग्राउंड के पीछे, देलही वर्ल्ड पब्लिक स्कूल पहुंच मार्ग के दोनों ओर लगभग दो दर्जन से अधिक छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
मोरमाटी सांस्कृतिक संगठन लंबे समय से संस्कृति संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संगठन द्वारा पूर्व में सीसीएम ग्राउंड के चारों ओर लगाए गए पौधे आज विशाल वृक्षों का रूप ले चुके हैं, जो गर्मी के मौसम में खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों को शीतल छाया प्रदान कर रहे हैं। यह संगठन की दूरदर्शिता एवं पर्यावरण के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
मोरमाटी सांस्कृतिक संगठन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन के प्रत्येक महत्वपूर्ण अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण का दायित्व भी निभाएं।







