कोरबा –
जिले के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कोल पिच कार्बन संयंत्र में शनिवार को हुए भीषण विस्फोट के बाद भयावह आग भड़क उठी। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी गूंज दूर-दराज के इलाकों तक सुनाई दी। कुछ ही पलों में आग ने फैक्ट्री के अधिकांश हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठती ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
हादसे के वक्त फैक्ट्री के भीतर कर्मचारी अपने कार्य में लगे हुए थे। घटना के तुरंत बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, इस दुर्घटना में सभी मजदूर सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री परिसर में खड़ा एक ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया, जिससे आग और अधिक भड़क गई। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी तथा अन्य संबंधित विभागों की अग्निशमन टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई दमकल वाहन लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।







