Home चर्चा में दूरस्थ ग्राम पुसबाका को मिली डिजिटल कनेक्टिविटी की नई पहचान, मोबाइल टॉवर...

दूरस्थ ग्राम पुसबाका को मिली डिजिटल कनेक्टिविटी की नई पहचान, मोबाइल टॉवर से संचार व्यवस्था हुई सशक्त

12
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 25 जुलाई 2026/जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पुसबाका में नए मोबाइल नेटवर्क टॉवर का सफलतापूर्वक संचालन प्रारंभ हो गया है। लंबे समय से मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि साबित हुई है। टॉवर के चालू होने से अब गांव एवं आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुचारु रूप से उपलब्ध होंगी।
बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 65 से 70 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत पुसबाका, जिसका कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 1,114 हेक्टेयर है, अब बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़ गया है। मोबाइल टॉवर की स्थापना से ग्रामीणों को संचार संबंधी कठिनाइयों से राहत मिलेगी और आधुनिक डिजिटल सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।
अब गांव के नागरिक मोबाइल कॉल, वीडियो कॉल, ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, ई-गवर्नेंस सेवाओं एवं अन्य इंटरनेट आधारित सुविधाओं का निर्बाध लाभ उठा सकेंगे। विशेष रूप से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, किसानों तथा व्यापारियों के लिए यह सुविधा काफी लाभदायक सिद्ध होगी।
बेहतर नेटवर्क उपलब्ध होने से शासन की विभिन्न ऑनलाइन योजनाओं का लाभ भी अब ग्रामीणों तक तेजी से पहुंचेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल दस्तावेजों का उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित संपर्क स्थापित करना पहले की तुलना में अधिक सरल हो जाएगा।
मोबाइल टॉवर के संचालन से स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए शासन एवं संबंधित एजेंसियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से बेहतर मोबाइल नेटवर्क की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब गांव के लोग देश-दुनिया से बेहतर ढंग से जुड़ सकेंगे तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और डिजिटल सेवाओं के नए अवसरों का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
ग्राम पंचायत पुसबाका में स्थापित यह मोबाइल टॉवर केवल संचार सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। इससे डिजिटल इंडिया के उद्देश्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here