Home चर्चा में स्थापना दिवस पर छात्रावास अधीक्षकों ने किया रक्तदान, 29 जुलाई को बैगा...

स्थापना दिवस पर छात्रावास अधीक्षकों ने किया रक्तदान, 29 जुलाई को बैगा विद्यार्थियों के लिए सेवा कार्यक्रम

6
0
पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला इकाई गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा समाजसेवा एवं जनकल्याण का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। जिला चिकित्सालय गौरेला के ब्लड सेंटर में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में प्रदेश अध्यक्ष श्री उदेश सिंह तोमर सहित कुल 10 छात्रावास अधीक्षकों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
 छात्रावास अधीक्षकों के सामूहिक प्रयास से ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध हुआ, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त मिल सकेगा। छात्रावास अधीक्षकों की इस पहल ने यह सिद्ध कर दिया कि वे केवल विद्यार्थियों के संरक्षक ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी पूरी संवेदनशीलता और निष्ठा के साथ निर्वहन करते हैं।
रक्तदान करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष श्री उदेश सिंह तोमर, श्री सौरभ दुबे, श्री अजित यादव, श्री मोहम्मद हमीद, श्री इमरान अंसारी, श्री राहुल तम्बोली, श्री बृजेश सिंह, श्री अतुल सिंह एवं श्री मुकेश सिंह ठाकुर सहित कुल 10 छात्रावास अधीक्षकों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. देवेंद्र पैकरा ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्रावास अधीक्षकों की यह पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा ऐसे कार्यों से आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
रक्तदान के उपरांत संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला चिकित्सालय के महिला एवं शिशु वार्ड में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरण कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस मानवीय सेवा कार्य की अस्पताल प्रशासन एवं उपस्थित नागरिकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।
संघ के जिला अध्यक्ष श्री प्रीतु राज सिंह बिसेन ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम क्रमबद्ध रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को बैगा बसाहट क्षेत्र स्थित बालक आश्रम, देवरगांव में विद्यार्थियों के लिए विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पानी की बोतल, स्पोर्ट्स किट एवं ट्रैक सूट वितरित किए जाएंगे। यह सामग्री कलेक्टर महोदय, जिला पंचायत सीईओ महोदय, सहायक आयुक्त महोदय तथा विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों के करकमलों से वितरित की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष श्री उदेश सिंह तोमर ने कहा कि छात्रावास अधीक्षक संवर्ग केवल छात्रावास संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। रक्तदान, फल वितरण तथा जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्यक्रम छात्रावास अधीक्षकों की संवेदनशील कार्यशैली एवं सेवा भावना का जीवंत प्रमाण हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ ने संकल्प लिया है कि भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि छात्रावास अधीक्षकों की जनसेवी, संवेदनशील एवं उत्तरदायी छवि और अधिक सशक्त हो तथा समाज में सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना का विस्तार हो।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here