कोरबा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत माय भारत युवा कार्यक्रम, जिला कोरबा द्वारा 27 जुलाई 2026 को नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “युवा उड़ान – नशा मुक्त भारत का निर्माण” रखा गया था।
इस प्रतियोगिता में कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा के बी.एड. प्रशिक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कविता वाचन विधा में नियति गुप्ता एवं निहाल राठौर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं गायन प्रतियोगिता में मुस्कान कंवर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा एनम अंसारी ने नारा लेखन एवं चित्रकला प्रतियोगिता में सहभागिता कर नशा मुक्ति के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशा मुक्त भारत अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कोरबा जिले को नशा मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।
महाविद्यालय के डॉ. भारती कुलदीप, डॉ. रश्मि शुक्ला एवं नितेश कुमार यादव के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का सफल प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।







