कोरबा। विश्व हिन्दू परिषद द्वारा संगठन विस्तार एवं गौ संरक्षण कार्यों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए समाजसेवी एवं गौसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय श्री राजकुमार सिंह (राजू भैया) को विश्व हिन्दू परिषद, कोरबा जिला गौ सेवा प्रमुख का दायित्व सौंपा गया है।
श्री राजकुमार सिंह वर्षों से गौसेवा, सामाजिक सेवा एवं हिंदू समाज के विभिन्न सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनकी निष्ठा, सेवा भावना और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में जिले में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन एवं गौसेवा से जुड़े कार्यों को नई गति मिलेगी तथा समाज में गौमाता के प्रति श्रद्धा और जागरूकता बढ़ेगी।
इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की आधारशिला हैं। गौ रक्षा एवं गौसेवा केवल धार्मिक कार्य नहीं बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि राजू भैया संगठन के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर जिले में गौसेवा के विभिन्न आयामों पर प्रभावी कार्य करेंगे।
नवनियुक्त जिला गौ सेवा प्रमुख श्री राजकुमार सिंह (राजू भैया) ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसका वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में गौवंश की सुरक्षा, निराश्रित गौवंश की सेवा, गौशालाओं के सहयोग तथा गौसेवा के प्रति जनजागरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जाएगा। साथ ही युवाओं एवं समाज के सभी वर्गों को इस पुनीत अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उनकी नियुक्ति पर विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोरबा जिले में गौसेवा के कार्यों को नई ऊर्जा एवं नई दिशा प्राप्त होगी।







