Home चर्चा में बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना बंद करने कांग्रेस की...

बिजली दर वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना बंद करने कांग्रेस की प्रेस वार्ता

5
0

पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की अध्यक्ष श्रीमती गंजमती भानू के नेतृत्व में आज आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार से बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस लेने, स्मार्ट मीटर योजना निरस्त करने तथा प्रत्येक परिवार को 400 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गंजमती भानू ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार बिजली की दरों में बढ़ोतरी कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाल रही है। महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर योजना से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवार तथा छोटे व्यापारियों की परेशानी बढ़ गई है। कांग्रेस पार्टी जनहित में इन निर्णयों का विरोध करती है और सरकार से तत्काल इन्हें वापस लेने की मांग करती है।

पूर्व विधायक डॉ. के. के. ध्रुव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जनता को राहत देने वाली अनेक योजनाएं संचालित थीं, लेकिन वर्तमान सरकार लगातार जनविरोधी फैसले लेकर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा आम लोगों की पहुंच में रहनी चाहिए। आदिवासी कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक श्रीमती अर्चना पोर्ते ने कहा कि महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर का सबसे अधिक प्रभाव ग्रामीण क्षेत्रों, आदिवासी परिवारों और गरीब वर्ग पर पड़ रहा है। सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस योजना को वापस लेना चाहिए। गुलाब राज ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली और बढ़ते बिजली बिलों से परेशान है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी।

जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह ने कहा कि कांग्रेसकी मांग पूरी तरह जनहित में है। प्रदेश के प्रत्येक परिवार को 400 यूनिट तक मुफ्त बिजली देकर आम लोगों को राहत दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करेगी।

प्रवक्ता ओमप्रकाश बंका ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से अधिक राशि वसूली जा रही है। कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करती है और सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग करती है।जिला उपाध्यक्ष मूलचंद कुशराम ने कहा कि बिजली की बढ़ती कीमतों से किसानों, छोटे व्यापारियों और आम परिवारों का बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सरकार को जनहित में तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
जिला महामंत्री पवन केशरवानी ने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और बिजली से जुड़े जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

ब्लॉक अध्यक्ष शंकर कंवर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था पहले से ही प्रभावित है, ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर लोगों की परेशानियां और बढ़ा रहे हैं।
ब्लॉक अध्यक्ष दया वाकरे ने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर जनता को इन मुद्दों से अवगत कराएगी और जनहित की इस लड़ाई को और मजबूत करेगी।प्रेस वार्ता का संचालन जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह ने किया इस अवसर पर कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here