जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जांजगीर-चांपा। नव जागृति हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी लोकतांत्रिक परंपरा का निर्वहन करते हुए छात्रसंघ चुनाव उत्साह, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा विद्यालय में लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विभिन्न हाउसों के प्रीफेक्ट एवं विद्यालय के प्रमुख पदाधिकारियों का चयन किया गया। अशोक हाउस से कक्षा 12वीं के अंकित खांडे एवं कक्षा 10वीं की दुर्गा देवांगन, रमन हाउस से कक्षा 10वीं की वर्षा देवांगन एवं मोहित केवट, अम्बेडकर हाउस से कक्षा 11वीं की रिया देवांगन एवं कक्षा 10वीं के प्रियांश दिवाकर, तथा टैगोर हाउस से कक्षा 10वीं की सुहानी केवट एवं कक्षा 9वीं के कृष्णा देवांगन को हाउस प्रीफेक्ट चुना गया।
इसी क्रम में विद्यालय की वाईस प्रेसिडेंट के रूप में कक्षा 12वीं की श्रेया यादव एवं कक्षा 11वीं की दीपांशी धृतलहरे का चयन किया गया, जबकि विद्यालय की प्रेसिडेंट के रूप में कक्षा 12वीं की आँचल लसार निर्वाचित हुईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की बड़ी मैडम ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय की प्राचार्या मैडम की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने नव निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छात्रसंघ का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, अनुशासन, सेवा भावना एवं लोकतांत्रिक संस्कारों का विकास करना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से विद्यालय की गरिमा बनाए रखते हुए छात्र हित में कार्य करने का आह्वान किया।
चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात विद्यालय परिसर में उत्साह का वातावरण रहा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल नेतृत्व की कामना की तथा विद्यालय के विकास एवं अनुशासन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का विश्वास व्यक्त किया।







