Home चर्चा में रफी–किशोर की यादों से सजेगी संगीतमयी शाम, 4 अगस्त को पेंड्रा में...

रफी–किशोर की यादों से सजेगी संगीतमयी शाम, 4 अगस्त को पेंड्रा में होगा भव्य सांस्कृतिक आयोजन

8
0

दीपक कश्यप/गौरेला–पेंड्रा–मरवाही। जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच, जिला गौरेला–पेंड्रा–मरवाही (जीपीएम) के तत्वावधान में महान पार्श्व गायक स्वर्गीय मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि (31 जुलाई) एवं महान गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जन्म जयंती (4 अगस्त) के अवसर पर “रफी–किशोर की यादें” नामक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

इस विशेष अवसर पर गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के प्रतिभाशाली गायक एवं गायिकाओं के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी अनेक कलाकार अपनी मधुर प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वर्गीय मोहम्मद रफी एवं स्वर्गीय किशोर कुमार द्वारा गाए गए सदाबहार गीतों को प्रस्तुत कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह कार्यक्रम 4 अगस्त को शाम 4:00 बजे से मल्टीपरपज स्कूल, पेंड्रा स्थित असेंबली हॉल में आयोजित किया जाएगा।

जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच के जिला अध्यक्ष निर्माण जायसवाल ने जिले के समस्त नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने क्षेत्र के उभरते हुए प्रतिभाशाली कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच द्वारा आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति और गरिमामयी आयोजन के कारण ऐतिहासिक बनता है। यह मंच वर्षों से बच्चों एवं नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने, मंच पर प्रदर्शन करने तथा कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करता आ रहा है। यही प्रयास आज अनेक प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने का माध्यम बन रहा है।

यह कार्यक्रम केवल संगीत प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय संगीत की अमूल्य विरासत से जोड़ने का भी एक महत्वपूर्ण प्रयास होगा। आयोजकों ने सभी क्षेत्रवासियों से इस संगीतमय संध्या में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here