सोमन साहू/आरंग, 4 अगस्त। आरंग विधानसभा एनएसयूआई ने विधानसभा अध्यक्ष अजीत कोसले के मार्गदर्शन में बद्रीप्रसाद लोधी शासकीय महाविद्यालय, आरंग की विभिन्न छात्रहितैषी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रभारी प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा।
एनएसयूआई द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में महाविद्यालय में प्रस्तावित ड्रेस कोड को लागू नहीं करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि महाविद्यालय में अध्ययनरत अनेक छात्र-छात्राएँ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में ड्रेस कोड अनिवार्य किए जाने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे उनकी शिक्षा प्रभावित हो सकती है।
ज्ञापन में महाविद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा पर्याप्त क्षमता वाले वाटर कूलर स्थापित करने, परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, अंग्रेजी विषय के रिक्त पदों पर शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति करने और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में कैंटीन प्रारंभ करने की भी मांग की गई।

इस अवसर पर विधानसभा महासचिव मोहन पटेल एवं देवकुमार रात्रे ने कहा कि ये सभी मांगें सीधे तौर पर विद्यार्थियों के हित और उनकी शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई ने प्रभारी प्राचार्य से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने का आग्रह किया है। यदि मांगों पर समय रहते उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो आरंग विधानसभा एनएसयूआई विद्यार्थियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विधानसभा महासचिव मोहन पटेल, देवकुमार रात्रे, कान्हा टंडन, अभिषेक गायकवाड़, पवास जांगड़े, वरुण साहू, आर्यन सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







