कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कुसमुंडा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुसमुंडा खदान परिक्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठेका श्रमिक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6:00 बजे खदान क्षेत्र में कार्यरत ठेका कामगार बहरता दास (59 वर्ष), निवासी जपेली, किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, आश्रित परिवार के एक सदस्य को रोजगार तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
परिजनों का कहना है कि बहरता दास लंबे समय से ठेका श्रमिक के रूप में कार्य कर रहे थे और परिवार का भरण-पोषण उन्हीं की आय पर निर्भर था। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय नेताओं ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और कंपनी प्रबंधन से शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।


फिलहाल कुसमुंडा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं ठेकेदार और संबंधित कंपनी की ओर से समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मृतक के परिजन अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की अपेक्षा कर रहे हैं।







