रिपोर्ट- खिलेश साहू
विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर मुजगहन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक–2 में बाल मेला का सफल आयोजन
विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना के द्वारा ग्राम मुजगहन स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक–2 में बाल मेला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंजीयन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए कुल 10 गतिविधि काउंटर लगाए गए, जिनमें पंजीयन, शारीरिक विकास, बौद्धिक विकास, भाषा विकास, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास, पोषण, टीकाकरण, माता सहायता, हाथों का कमाल तथा खेल जगत शामिल थे। प्रत्येक काउंटर पर माताओं को बच्चों के विकास से संबंधित व्यवहारिक जानकारी दी गई तथा खेल-खेल में सीखने की विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया।
बाल मेले में बच्चों एवं माताओं ने बिंदी लगाओ, गुब्बारा फुलाओ तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता जैसी रोचक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी के बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के दौरान माताओं को स्तनपान के महत्व, जीवन के प्रथम 1000 दिनों की अहमियत, संतुलित पोषण, समय पर टीकाकरण, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े रहने के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के समग्र विकास के लिए घर पर सुरक्षित, सकारात्मक एवं सीखने का अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती मोनिका देवांगन उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में सीडीपीओ श्रीमती प्राची शर्मा, सुपरवाइजर प्रतिमा मैडम ऋषभ देवांगन, जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल, जनपद सदस्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती देहुती, पूर्व जनपद सदस्य श्रीमती मनीषा साहू तथा ग्राम सरपंच होमेश्वर साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता बहनों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
प्रथम संस्था की ओर से सुमन जैन, पूनम साहू, कोमल गुप्ता एवं कुसुम साहू उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित करते हुए किया गया। आयोजन ने विश्व स्तनपान सप्ताह के उद्देश्य को सार्थक करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक बाल विकास के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







