Home मुख्य ख़बरें झांसी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की...

झांसी हाईवे पर दर्दनाक हादसा: अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की सड़क दुर्घटना में मौत

11
0

यूपी के झांसी में माफिया अतीक अहमद के बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई है। अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की तेज रफ्तार कार झांसी-कानपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। अबान प्रयागराज से झांसी जेल में अपने बड़े भाई से मिलने जा रहा था, इसी दौरान बीच रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हुई व 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

आपको बता दें कि इससे पहले अतीक का बेटा असद एनकाउंटर में ढेर हो गया था। उमेश पाल हत्याकांड केस में असद का एनकाउंटर हुआ था।

झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अबान की तेज रफ्तार कार अचानक हाईवे पर आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार क्रेटा कार में सवार 5 लोग झांसी की ओर जा रहे थे। रास्ते में हाईवे पर अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने 21 वर्षीय अबान अहमद और उसके साथी सोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम घायल हुए हैं। 3 घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here