बड़ेराजपुर। बड़ेराजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कोपरा में शनिवार, 8 अगस्त 2026 को बाल मंडली के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षित स्थानों पर कुल 100 पौधे लगाए गए, जिनमें 50 फलदार, 30 छायादार और 20 औषधीय पौधे शामिल रहे।
अभियान के तहत गांव में गुलमोहर, पीपल, बरगद, आम और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। वृक्षारोपण अभियान में गांव के युवाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बाल मंडली के अध्यक्ष गुमान मांझी ने कहा, “पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं और हमें इनकी देखभाल अपने बच्चे की तरह करनी चाहिए।” उन्होंने ग्रामीणों से पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण करने की अपील की।

60 वर्षीय बिसरी बाई ने दिया प्रेरणादायी संदेश
वृक्षारोपण अभियान में 60 वर्षीय बिसरी बाई मांझी की भागीदारी विशेष रूप से चर्चा का विषय रही। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज को यह संदेश दिया कि उम्र किसी भी नेक कार्य में बाधा नहीं है।
बिसरी बाई ने कहा कि पेड़ मानव जीवन और पर्यावरण के लिए बेहद जरूरी हैं। पेड़ हमें शुद्ध ऑक्सीजन देने के साथ पर्यावरण को संतुलित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आने वाली पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
पौधों की सुरक्षा का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में बाल मंडली के सदस्यों और उपस्थित ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित रूप से पानी देने का संकल्प लिया। पौधों को सुरक्षित रखने के लिए सदस्यों ने देसी ट्री गार्ड भी लगाए।
इस अवसर पर उमेश, सुकमन, खिलेश गागड़ा, बरातु, मेघराज, सोनसिंग, यशवंत, मनोहर, नारायण, तनुज, मनोज, कुन्दन, बासुदेव, साधना, ममता, ऋतु, वेदिका, संतोषी, पिंकी मांझी सहित श्रीमती बिसरी बाई मांझी उपस्थित रहीं।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयास न केवल गांव को हराभरा बनाने में मदद करेंगे, बल्कि बच्चों और युवाओं में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करेंगे।







