गुरदीप सिंह/कोरबा –
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 20 के पार्षद नवीन कुमार कुकरेजा ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और कलेक्टर को पत्र लिखकर कुसमुंडा प्राथमिक शाला की जर्जर स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद ने अपने पत्र में बताया कि स्कूल भवन पिछले लगभग 20 वर्षों से जर्जर अवस्था में है। भवन में न तो मरम्मत कार्य हुआ है और न ही बच्चों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है। स्कूल में बाउंड्रीवाल नहीं होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा पर भी खतरा बना हुआ है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि बच्चों और शिक्षकों को प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरे पत्र में पार्षद ने आरोप लगाया है कि पूर्व में स्कूल निरीक्षण और नए भवन निर्माण के संबंध में जिला शिक्षा विभाग को कई बार पत्र भेजे गए, लेकिन अब तक DEO और BEO स्तर से निरीक्षण नहीं किया गया। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों के भीतर स्कूल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे विद्यार्थियों के साथ कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

पार्षद ने जिला प्रशासन से स्कूल भवन का तत्काल निरीक्षण कर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।







