बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
तहसीलदार की सूचना पर नगर सेना की टीम ने रेस्क्यू कर मरीज एवं परिजनों को सुरक्षित कराया पार
बीजापुर, 08 अगस्त 2026/ जिले में बारिश के चलते नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में जिला प्रशासन एवं नगर सेना की रेस्क्यू टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में सतत सक्रिय रहकर जरूरतमंद लोगों तक राहत एवं सहायता पहुंचा रही हैं।
आज दिनांक 08 अगस्त 2026 को बीजापुर तहसीलदार के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गुड्डीपाल की एक बीमार महिला चिंन्नाकवली स्थित चिंतावागु नदी के दूसरी ओर फंसी हुई हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाना आवश्यक है। सूचना मिलते ही डी.डी.आर.एफ. नगर सेना की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
रेस्क्यू टीम ने चिंतावागु नदी के बढ़े हुए जलस्तर एवं तेज बहाव के बीच सूझबूझ और सावधानी के साथ ग्राम गुड्डीपाल निवासी श्रीमती विमला अंगनपल्ली, पति श्री गणपत अंगनपल्ली तथा उनके परिजनों को सुरक्षित नदी पार कराया। इसके बाद बीमार महिला को उचित उपचार के लिए बीजापुर जिला अस्पताल भेजा गया।
जिला प्रशासन की तत्परता और डी.डी.आर.एफ. नगर सेना की टीम की सक्रियता से समय पर रेस्क्यू अभियान पूरा हुआ और बीमार महिला को उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकी। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने पर तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं संबंधित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ एवं अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए संबंधित दलों को सतर्क रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।







