बांकीमोंगरा संवाददाता – विकास सोनी
पत्रकारों को ‘गोदी’ और ‘गुलामी मीडिया’ कहे जाने पर जताई नाराजगी, पत्रकार एकता और सम्मान बनाए रखने का लिया संकल्प।
बांकीमोंगरा:पत्रकारों के सम्मान, पत्रकारिता की स्वतंत्रता और प्रेस की गरिमा से जुड़े मुद्दों को लेकर कोरबा जिले के बांकीमोंगरा प्रेस क्लब भवन में क्षेत्र के समस्त पत्रकारों की आवश्यक बैठक एवं प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में सोशल मीडिया पर पत्रकारों के लिए कथित तौर पर ‘गोदी’ और ‘गुलामी मीडिया’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल को लेकर पत्रकारों ने कड़ी नाराजगी जताई।
बैठक में पत्रकारों ने कहा कि वैचारिक मतभेद और असहमति लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन किसी पत्रकार या पूरे पत्रकार समुदाय को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना पत्रकारिता की गरिमा के खिलाफ है। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल के पक्ष अथवा विपक्ष में खड़ा होना नहीं, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ सामने रखना है।

भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा के समाचार बहिष्कार का निर्णय?
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने सर्वसम्मति से भाजपा नेता एवं बांकीमोंगरा निवासी भागवत विश्वकर्मा के समाचारों के बहिष्कार का निर्णय लिया।
आपको बता दें कि बांकीमोंगरा प्रेस क्लब अध्यक्ष द्वारा नगर पालिका में विद्युत विभाग एवं जनप्रतिनिधियों के बीच आयोजित बैठक और उसमें लिए गए निर्णय से संबंधित समाचार प्रकाशित किया गया था, साथ ही फेसबुक ( शोशल मिडिया ) में पोस्ट किया गया। इसी समाचार को लेकर भागवत विश्वकर्मा द्वारा पत्रकारों के लिए कथित तौर पर ‘गोदी’ एवं ‘गुलामी मीडिया’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया।
इसी मामले को लेकर पत्रकारों ने सामूहिक रूप से विरोध दर्ज कराते हुए निर्णय लिया कि भागवत विश्वकर्मा की उपस्थिति, नेतृत्व या सहभागिता वाले किसी भी कार्यक्रम का समाचार कवरेज नहीं किया जाएगा।
पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि चाहे कार्यक्रम छोटा हो या बड़ा, सामाजिक, राजनीतिक अथवा सार्वजनिक आयोजन हो, यदि उसमें भागवत विश्वकर्मा मुख्य अतिथि, आयोजक, नेतृत्वकर्ता या सहभागी के रूप में मौजूद रहते हैं, तो बांकीमोंगरा क्षेत्र के समस्त पत्रकार उस कार्यक्रम का समाचार कवरेज नहीं करेंगे।
पत्रकारों ने कहा कि यह निर्णय किसी व्यक्तिगत दुर्भावना के तहत नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की गरिमा के पक्ष में सामूहिक विरोध के रूप में लिया गया है।

पत्रकारों के सम्मान को लेकर भी लिया गया सामूहिक निर्णय।
बैठक में पत्रकारों ने क्षेत्र में होने वाले अन्य कार्यक्रमों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया। पत्रकारों ने कहा कि नगर पालिका परिषद, सामाजिक संगठन अथवा किसी अन्य संस्था द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में यदि पत्रकारों को समाचार कवरेज के लिए आमंत्रित किया जाता है, लेकिन वहां पत्रकारों के बैठने, सम्मान अथवा आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान नहीं रखा जाता है, तो ऐसे कार्यक्रमों के समाचार का भी बहिष्कार किया जाएगा।
पत्रकारों का कहना था कि पत्रकारों को केवल समाचार कवरेज के लिए बुलाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार भी होना चाहिए।
सभी राजनीतिक दलों की प्रेस कांफ्रेंस को लेकर भी फैसला?
बैठक में पत्रकारों ने राजनीतिक दलों द्वारा आयोजित प्रेस कांफ्रेंस को लेकर भी अपनी एकजुटता बनाए रखने का निर्णय लिया। पत्रकारों ने कहा कि यदि भाजपा, कांग्रेस अथवा किसी अन्य राजनीतिक दल द्वारा बांकीमोंगरा क्षेत्र में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की जाती है और क्षेत्र के समस्त पत्रकारों को इसकी सूचना नहीं दी जाती तथा चुनिंदा एक-दो पत्रकारों के माध्यम से ही प्रेस कांफ्रेंस कराई जाती है, तो ऐसी प्रेस कांफ्रेंस का भी सामूहिक रूप से बहिष्कार किया जाएगा।
पत्रकारों ने कहा कि प्रेस कांफ्रेंस का उद्देश्य सभी पत्रकारों तक समान रूप से जानकारी पहुंचाना होना चाहिए। किसी विशेष पत्रकार या कुछ चुनिंदा मीडिया प्रतिनिधियों को ही सूचना देकर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित करना पत्रकारिता के व्यापक हित में नहीं है।
“हम सब पत्रकार एक हैं”
बैठक के अंत में सभी पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि “हम सब पत्रकार एक हैं।” पत्रकारों ने संकल्प लिया कि किसी भी जनप्रतिनिधि, नेता, राजनीतिक दल या अन्य व्यक्ति द्वारा पत्रकारों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी या व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पत्रकारों ने कहा कि पत्रकारों के बीच विचारों में भिन्नता हो सकती है, लेकिन पत्रकारों के सम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों के मुद्दे पर सभी को एकजुट रहना होगा।
बैठक में यह संदेश भी दिया गया कि पत्रकार एकता किसी व्यक्ति, दल या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि सम्मानजनक, निष्पक्ष और स्वतंत्र पत्रकारिता की मजबूती के लिए है।
“पत्रकार एकता—पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता की मजबूती का आधार है।”







