वनडे विश्व कप 2027 को लेकर तस्वीर अब लगभग साफ हो गई है। आयरलैंड के खिलाफ तीसरे ODI में 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करते ही अफगानिस्तान ने भी विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अब तक 10 टीमों का टिकट कन्फर्म हो चुका है।
हालांकि, दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए यह खबर अच्छी नहीं है। कैरेबियाई टीम वनडे विश्व कप 2027 में सीधे प्रवेश नहीं कर पाएगी। उसे विश्व कप में पहुंचने के लिए एक बार फिर क्वालीफायर टूर्नामेंट खेलना होगा। खास बात यह है कि वेस्टइंडीज लगातार तीसरी बार क्वालीफायर के रास्ते विश्व कप में जगह बनाने की कोशिश करेगी।
ICC के नए क्वालीफिकेशन सिस्टम के तहत 30 सितंबर 2026 की ODI रैंकिंग के आधार पर मेजबान देशों को छोड़कर शीर्ष आठ टीमों को सीधे विश्व कप के मुख्य चरण में प्रवेश मिलेगा।
अफगानिस्तान ने आयरलैंड को तीसरे ODI में हराकर इस लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली। अब तक विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी टीमों में भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान शामिल हैं।
वहीं दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे मेजबान होने के कारण पहले ही टूर्नामेंट में जगह बना चुके हैं। इस तरह अब तक कुल 10 टीमें 2027 विश्व कप का हिस्सा बनने के लिए तय हो चुकी हैं।
वेस्टइंडीज फिलहाल ODI रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। टीम के पास 30 सितंबर की कटऑफ तारीख से पहले भारत के खिलाफ दो ODI मुकाबले खेलने का मौका है, लेकिन इन मैचों में जीत भी उसे सीधे क्वालीफाई करने की स्थिति में नहीं पहुंचा पाएगी।
अब वेस्टइंडीज को अगले साल होने वाले 10 टीमों के क्वालीफायर में उतरना होगा। यह कैरेबियाई टीम के लिए लगातार तीसरी बार होगा, जब उसे विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर खेलना पड़ेगा।







