-भुगतान के इंतजार में खड़े वाहन, किस्त-डीजल और रखरखाव का बढ़ता बोझ; प्रबंधन से जल्द भुगतान की गुहार
यूसुफ खान/बलरामपुर/कुसमी/सामरी। हिंडाल्को माइंस सामरी-कुदागांव क्षेत्र में ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े भुगतान को लेकर मामला गरमाता नजर आ रहा है। वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े लोगों ने लंबे समय से भुगतान लंबित होने का आरोप लगाते हुए प्रबंधन के समक्ष लिखित आवेदन देकर बकाया राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 से 13 अगस्त 2026 तक ट्रांसपोर्टिंग कार्य से संबंधित भुगतान लंबित है। कई महीनों से भुगतान नहीं होने के कारण वाहन मालिकों के सामने वाहन की किस्त, डीजल, मरम्मत और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करने की चुनौती खड़ी हो गई है।

“काम जारी, लेकिन भुगतान का इंतजार”
आवेदन में वाहन मालिकों की ओर से कहा गया है कि ट्रांसपोर्टिंग कार्य से जुड़े खर्च लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन भुगतान समय पर नहीं मिलने से आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। यदि भुगतान में और देरी होती है तो वाहन संचालन प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
वाहन मालिकों का कहना है कि वाहन की किस्त समय पर देनी होती है, डीजल का भुगतान करना होता है और गाड़ियों के रखरखाव पर भी लगातार खर्च आता है। ऐसे में लंबे समय तक भुगतान अटकने से पूरी व्यवस्था पर असर पड़ रहा है।
अधिकारियों तक पहुंचा मामला
मामले को लेकर प्रबंधन को दिए गए आवेदन की प्रतिलिपि प्रोजेक्ट मैनेजर कुसमी-सामरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, थाना प्रभारी सामरी, तहसीलदार तथा कलेक्टर बलरामपुर सहित संबंधित अधिकारियों को भी सौंपी गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ट्रांसपोर्टिंग से जुड़े वाहन मालिकों का लंबित भुगतान कब तक होगा? कई महीनों से भुगतान की राह देख रहे वाहन मालिकों को प्रबंधन से शीघ्र राहत की उम्मीद है।
फिलहाल मामले में प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।







