टेक दिग्गज कंपनी मेटा ने 7 लाख से ज्यादा Instagram और Facebook अकाउंट्स पर बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने ऐसे अकाउंट्स को डिएक्टिवेट किया है, जिनके बारे में उसे शक था कि उन्हें 16 साल से कम उम्र के यूजर्स चला रहे हैं। यह कार्रवाई ऑस्ट्रेलिया के नए और सख्त सोशल मीडिया आयु प्रतिबंध कानून के तहत की गई है।
मेटा की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दिसंबर से जून के बीच कंपनी ने Instagram पर करीब 4 लाख 62 हजार और Facebook पर करीब 2 लाख 94 हजार संदिग्ध अंडरएज अकाउंट्स को डिएक्टिवेट किया। यानी कुल मिलाकर 7 लाख 56 हजार से ज्यादा अकाउंट्स पर कार्रवाई हुई। ये एक्शन ऑस्ट्रेलिया में लिया गया है।
मेटा की हालिया कार्रवाई पहले की तुलना में काफी बड़ी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी में कंपनी ने Instagram के करीब 3 लाख 31 हजार और Facebook के करीब 1 लाख 73 हजार अकाउंट्स हटाए थे। इस तरह उस समय कुल करीब 5 लाख 4 हजार अकाउंट्स पर कार्रवाई हुई थी।
अब दिसंबर से जून के बीच डिएक्टिवेट किए गए अकाउंट्स की संख्या 7.5 लाख से ज्यादा हो गई है। मेटा का कहना है कि अकाउंट्स की पहचान और उन्हें हटाने की प्रक्रिया अभी जारी है, इसलिए यह आंकड़ा आगे और बढ़ सकता है।
ऑस्ट्रेलिया में 10 दिसंबर से सोशल मीडिया को लेकर नया कानून लागू हुआ है। इसके तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अकाउंट बनाने और चलाने की अनुमति नहीं है।
इस कानून के पीछे बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और सोशल मीडिया के उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर चिंता बताई गई है। सरकार चाहती है कि सोशल मीडिया कंपनियां यह सुनिश्चित करें कि 16 साल से कम उम्र के बच्चे इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल न कर सकें।
अंडरएज यूजर्स की पहचान के लिए मेटा सिर्फ अकाउंट में दर्ज जन्मतिथि पर निर्भर नहीं है। कंपनी का कहना है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और दूसरे एडवांस सिस्टम की मदद से उम्र से जुड़े अलग-अलग संकेतों का विश्लेषण कर रही है।
इन संकेतों में यूजर की प्रोफाइल और उसकी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, सिस्टम यह देख सकता है कि किसी पोस्ट या प्रोफाइल में जन्मदिन, स्कूल, क्लास या ग्रेड से जुड़ी जानकारी तो नहीं दी गई है।
इसके अलावा, दूसरे यूजर्स की ओर से की गई रिपोर्ट भी उम्र की पहचान करने की प्रक्रिया में एक संकेत हो सकती है। इन अलग-अलग जानकारियों को मिलाकर मेटा यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कोई यूजर 16 साल से कम उम्र का तो नहीं है।







