Home चर्चा में विभाजन विभीषिका और ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पर जनसंपर्क विभाग की...

विभाजन विभीषिका और ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष पर जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का शुभारंभ

7
0
बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किया उद्घाटन, इतिहास और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी जानकारी ने लोगों का बढ़ाया उत्साह
बीजापुर, 15 अगस्त 2026। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित विशेष प्रदर्शनी का 14 अगस्त को उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने फीता काटकर शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में देश के विभाजन की पीड़ा, उसके ऐतिहासिक घटनाक्रम तथा ‘वंदे मातरम्’ की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित किया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभाजन की त्रासदी से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में प्रदर्शित चित्रों एवं सामग्री के माध्यम से नागरिकों को देश के इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराया गया तथा भावी पीढ़ी को इतिहास से सीख लेकर राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
प्रदर्शनी में ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष की गौरवशाली यात्रा को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। राष्ट्रगीत के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता आंदोलन में इसकी भूमिका और देशवासियों में राष्ट्रभावना जागृत करने में इसके योगदान को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि इतिहास की घटनाओं को याद करना केवल अतीत को जानना नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करना है। उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर देश के गौरवशाली इतिहास को समझने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, दंतेवाड़ा विधायक श्री चैतराम अटामी, पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक श्री उमेश प्रसाद गुप्ता सहित जनप्रतिनिधिगण एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here