युसूफ खान/कुसमी। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी से जुड़े ट्रक मालिकों के लंबित भाड़ा भुगतान को लेकर 13 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में हुई बैठक के बाद भी जारी रही। हालांकि देर रात तक भुगतान का इंतजार करने के बाद बुधवार सुबह कई ट्रक मालिकों के खातों में 80 दिनों के लंबित भाड़े की राशि पहुंचने की जानकारी सामने आई है। ट्रक मालिकों के अनुसार कुछ खातों में भुगतान पहुंच गया है, जबकि शेष ट्रक मालिकों के खातों में भी राशि धीरे-धीरे पहुंचने की उम्मीद है।
देर रात 12 बजे तक खाते चेक करते रहे ट्रक मालिक..
मंगलवार को 80 दिनों के लंबित भाड़े का भुगतान किए जाने के आश्वासन के बाद ट्रक मालिक देर रात तक अपने-अपने बैंक खातों को ऑनलाइन माध्यम से चेक करते रहे। करीब रात 12 बजे तक कई ट्रक मालिक यह देखने में लगे रहे कि उनके खाते में भुगतान की राशि पहुंची या नहीं। हालांकि उस समय तक अधिकांश ट्रक मालिकों को भुगतान प्राप्त होने की पुष्टि नहीं हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह ट्रक मालिकों की ओर से बताया गया कि कई ट्रक मालिकों के खातों में भुगतान की राशि पहुंच गई है। ट्रक मालिकों के अनुसार कुछ लोगों का भुगतान सुबह-सुबह खाते में आया है, जबकि बाकी ट्रक मालिकों को भी धीरे-धीरे राशि प्राप्त होने की उम्मीद है।
भुगतान पूरा होने के बाद ही हड़ताल पर होगा अंतिम निर्णय..
ट्रक मालिक संघ के अनुसार 80 दिनों के भुगतान को लेकर पहले किए गए आश्वासन के बाद अब कुछ खातों में राशि पहुंचना शुरू हुई है। हालांकि सभी ट्रक मालिकों को भुगतान प्राप्त होने के बाद ही आंदोलन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। ट्रक मालिकों का कहना है कि 80 दिनों का भुगतान सभी संबंधित ट्रक मालिकों तक पहुंचने के बाद शेष करीब 35 दिनों के लंबित भुगतान को लेकर संबंधित पक्षों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके बाद भुगतान की व्यवस्था और समयसीमा को लेकर एग्रीमेंट होने के बाद ही अनिश्चितकालीन हड़ताल को विराम देने पर निर्णय लिया जाएगा।संघ का स्पष्ट कहना है कि केवल कुछ ट्रक मालिकों के खातों में राशि पहुंचने से आंदोलन समाप्त नहीं होगा। सभी संबंधित ट्रक मालिकों को भुगतान मिलने और शेष बकाया राशि के संबंध में ठोस सहमति बनने के बाद ही हड़ताल समाप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सैकड़ों ट्रकों का भाड़ा रोकने से बढ़ा विवाद..
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड खान प्रभाग सामरी से जुड़े भारी-भरकम सैकड़ों ट्रकों के भाड़े का भुगतान लंबे समय तक लंबित रहने के कारण यह विवाद लगातार गहराता गया। ट्रक मालिकों का कहना है कि परिवहन कार्य में लगे ट्रकों का भाड़ा समय पर नहीं मिलने से वाहन मालिकों के सामने आर्थिक दबाव की स्थिति बनी और इसी के चलते 13 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करनी पड़ी। ट्रक मालिक संघ ने करीब 115 दिनों के भाड़े के लंबित होने की बात कही है। इनमें से 80 दिनों के भुगतान को लेकर मंगलवार तक भुगतान किए जाने का आश्वासन दिया गया था, जबकि शेष करीब 35 दिनों के भुगतान को लेकर आगे चर्चा और सहमति बनाए जाने की बात कही गई है।
एसडीएम कार्यालय में हुई थी बैठक..
मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय कुसमी में ट्रक मालिक संघ और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बीच बैठक हुई थी। बैठक में दोनों पक्षों ने एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो के समक्ष अपनी बात रखी। ट्रक मालिक संघ ने लंबित भुगतान का मुद्दा उठाते हुए भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की। बैठक में 80 दिनों के भुगतान की बात सामने आई थी। वहीं शेष 35 दिनों के भुगतान को लेकर संबंधित पक्षों के बीच आगे चर्चा कर निर्णय लेने की बात कही गई थी।
प्रशासन ने पहले ही मांगा था जवाब..
इस विवाद को लेकर प्रशासन ने 14 अगस्त को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के महाप्रबंधक को पत्र जारी कर पूरे मामले की जानकारी मांगी थी। प्रशासन ने जीएन कंस्ट्रक्शन द्वारा ट्रक मालिकों के लंबित भुगतान की वर्तमान स्थिति, लंबित राशि का भुगतान कब तक किया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति से बचने के लिए कंपनी द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी तीन दिवस के भीतर मांगी थी। एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो के अनुसार, प्रशासन को हिंडाल्को प्रबंधन की ओर से जवाब प्राप्त हुआ है। कंपनी ने बताया है कि हिंडाल्को की ओर से कांट्रेक्टर को भुगतान समय पर किया जा चुका है। वहीं ट्रक मालिकों और कांट्रेक्टर के बीच भुगतान को लेकर समन्वय की बात सामने आई है।
अब नजर शेष 35 दिनों के भुगतान पर..
फिलहाल बुधवार सुबह कई ट्रक मालिकों के खातों में 80 दिनों के भुगतान की राशि पहुंचने की जानकारी के बाद ट्रक मालिकों में उम्मीद जगी है। हालांकि सभी ट्रक मालिकों को भुगतान मिलने और शेष करीब 35 दिनों के भुगतान को लेकर स्पष्ट समझौता होने के बाद ही हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया जाएगा। अब पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण यह है कि 80 दिनों का भुगतान सभी ट्रक मालिकों तक कब तक पहुंचता है और शेष भुगतान के लिए संबंधित पक्षों के बीच क्या एग्रीमेंट होता है। ट्रक मालिकों का कहना है कि इन दोनों बिंदुओं पर स्पष्ट सहमति बनने के बाद ही 13 अगस्त से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को विराम दिया जाएगा।







