संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
जिला सक्ती, 21 अगस्त 2026। बिलासपुर संभाग के पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग (आईपीएस) शुक्रवार को सक्ती जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आम जनता की सुविधा के लिए नवनिर्मित आगंतुक कक्ष और वाहन शेड का लोकार्पण किया गया तथा कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक ने अपने गोद लिए थाना डभरा का औचक निरीक्षण किया। यहां भी परिसर में वृक्षारोपण किया गया और नवनिर्मित थाना भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जल्द नए भवन में स्थानांतरण के साथ-साथ पुराने थाना भवन के रखरखाव पर भी चर्चा हुई।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और क्षेत्र में सक्रिय गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों, माफी बदमाशों तथा सजायाफ्ता व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी लेकर उन पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर निगरानी और गुंडा बदमाश संबंधित विवेचक के निर्देशों का पालन करे।


पुराने और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आईजी ने आगामी एक माह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही समन-वारंट की समय पर तामीली सुनिश्चित करने, अदम तामीली की पुष्टि करने, ई-समन का पूरा उपयोग करने और गुंडा-निगरानी बदमाशों की नियमित जांच करने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को सशक्त एप का अधिकतम उपयोग करने का भी निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, एसडीओपी सक्ती श्रीमती भुवनेश्वरी पैकरा, एसडीओपी चंद्रपुर श्री सुमित गुप्ता और थाना प्रभारी डभरा श्री राजेश पटेल सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।







