आरंग संवाददाता – सोमन साहू
गांव-गांव गूंजा ‘बोल रहा अब, मनखे-मनखे एक समान’, सामाजिक सद्भाव कांवड़ यात्रा का दूसरा दिन भी रहा ऐतिहासिक
71 किलोमीटर की सामाजिक सद्भाव यात्रा में बढ़ता गया जनसैलाब, समोदा में डॉ. रमन सिंह हुए शामिल
सामाजिक एकता के संकल्प के साथ आगे बढ़े कांवड़िए, समोदा में हुआ भव्य संध्याकालीन आयोजन
कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसमर्थन समोदा में डॉ. रमन सिंह की मौजूदगी ने बढ़ाया उत्साह
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में 71 किलोमीटर की यात्रा का कारवां आगे बढ़ा, समोदा में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह हुए शामिल

आरंग/रायपुर माता कौशल्या की पुण्यधरा चंदखुरी से बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग तक आयोजित तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन भी कांवड़ियों का उत्साह चरम पर रहा। कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं युवराज गुरु खुशवंत साहेब के नेतृत्व में हजारों कांवड़ियों ने बरसते पानी के बीच यात्रा को आगे बढ़ाया। 71 किलोमीटर की यह यात्रा गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक एकता, समरसता, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दे रही है।
दूसरे दिन की यात्रा ग्राम नारा से प्रारंभ होकर भानसोज, जरोद मोड़, छतौना बस्ती, फरफौद, गुखेरा,परसकोल, गुमा, कोसरंगी मोड़, बाना एवं बनरसी होते हुए समोदा पहुंची, जहां कांवड़ियों का रात्रि विश्राम हुआ। रास्तेभर ग्रामीणों और नागरिकों ने कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया। जगह-जगह उमड़े जनसमर्थन और श्रद्धालुओं की भागीदारी ने यात्रा के सामाजिक संदेश को और व्यापक बनाया।

यात्रा के दौरान “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का जयघोष लगातार गूंजता रहा। बारिश और लंबी दूरी भी कांवड़ियों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। आस्था, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव के संकल्प के साथ कांवड़िए निरंतर आगे बढ़ते रहे।
समोदा में विशेष आयोजन, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह हुए शामिल
द्वितीय दिवस का विशेष आकर्षण समोदा में आयोजित संध्याकालीन कार्यक्रम रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने कांवड़ियों और सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया तथा यात्रा के सामाजिक संदेश की सराहना की। समोदा में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण बना दिया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु एवं सर्व समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह जी ने उद्बोधन के दौरान कहा कि यह सिर्फ कावड़ यात्रा नहीं ही बल्कि सामाजिक एकता का यात्रा है यह यात्रा विशेष है क्योँकि परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के संदेश मनखे मनखे एक समान के संदेश को लेकर हमारे मंत्री और गुरु गुरु खुशवंत साहेब जी इस यात्रा को कर रहे है और यह यात्रा ऐतिहासिक है।इसका श्रेय पूरा आरंग विधानसभा को जाता है। इस कावड़ यात्रा के लिए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी यात्रा नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का जनअभियान है। यात्रा के माध्यम से समाज में व्याप्त भेदभाव और दूरियों को समाप्त कर प्रेम, अपनत्व और समानता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे-मनखे एक समान” का विचार ही समरस और मजबूत समाज की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दोनों दिनों में जिस तरह बारिश के बावजूद हजारों कांवड़ियों के कदम लगातार आगे बढ़ रहे हैं, वह सामाजिक सद्भाव के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता और उत्साह को दर्शाता है। गांव-गांव से मिल रहा जनसमर्थन इस अभियान को और मजबूती प्रदान कर रहा है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा,छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन दास महाराज, समोदा नगर पंचायत अध्यक्ष छोटे सोनकर,आरंग नगर पालिका अध्यक्ष डॉ संदीप जैन,नगर सहित भाजपा के पदाधिकारी,जनप्रतिनिधिगण, सर्व समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय सामाजिक सद्भाव विशाल कांवड़ यात्रा का अंतिम चरण अब समोदा से आरंग की ओर बढ़ेगा, जहां बाबा बागेश्वरनाथ की नगरी आरंग में यात्रा 24 अगस्त को यात्रा का समापन होगा।







