धनोरा (केशकाल), 25 अगस्त 2026। सर्व आदिवासी अखिल भारतीय हल्बा समाज, 18 गढ़ महासभा, 32 गढ़ महासभा एवं 36 गढ़ महासभा की संयुक्त बैठक बदवर (धनोरा) में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दंतेश्वरी माई एवं हल्बा समाज के जननायक वीर गेंद सिंह नायक की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
बैठक का मुख्य उद्देश्य कोंडागांव जिले के सभी विकासखंडों में युवा प्रभाग का गठन कर समाज के युवाओं को सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि 18 गढ़ महासभा अध्यक्ष लतेलराम नाईक, विशिष्ट अतिथि 32 गढ़ महासभा अध्यक्ष बीरेंद्र चनाप, सर्व आदिवासी अखिल भारतीय हल्बा समाज अध्यक्ष शिवकुमार पात्र, युवा प्रभाग अध्यक्ष फरसगांव ब्लॉक केशरचंद पुजारी एवं युवा प्रकोष्ठ संभाग सचिव मनोज राना सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में 11 पॉलीग्रामों से बड़ी संख्या में युवा, युवतियां एवं महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 32 गढ़ महासभा अध्यक्ष बीरेंद्र चनाप ने कहा कि युवा शक्ति समाज की रीढ़ की हड्डी है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए समाज को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में सर्वसम्मति से युवा प्रभाग के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया। युवाओं की सामाजिक सक्रियता एवं समाज के प्रति योगदान को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारी:
- अध्यक्ष: टेश्वर बघेल (18 गढ़ महासभा)
- उपाध्यक्ष: भरद्वाज पुजारी (18 गढ़ महासभा)
- सचिव: प्रेमसिंह देहारी (32 गढ़ महासभा)
- सह सचिव: मोहित खवास (18 गढ़ महासभा)
- कोषाध्यक्ष: पुरुषोत्तम प्रधान
- मीडिया प्रभारी: भूपेंद्र नायक एवं योगेश समरथ
- संरक्षक: नरसिंह राना (18 गढ़ महासभा), सरादुराम समरथ (32 गढ़ महासभा) एवं कुबेर सिंह बघेल (18 गढ़ महासभा)
फरसगांव ब्लॉक युवा प्रभाग अध्यक्ष केशरचंद पुजारी ने कहा कि युवा प्रभाग के गठन का उद्देश्य समाज के युवाओं को एकजुट कर सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सेवा कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि युवा एकता ही समाज की शक्ति है और एकजुट युवा समाज को नई दिशा एवं नई पहचान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर 18 गढ़ महासभा अध्यक्ष लतेलराम नाईक ने समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने युवाओं से समाजहित में आगे आकर नशामुक्ति अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया।
अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज ने उन पर विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए समाज के विकास एवं एकता के लिए कार्य करेंगे।







